अजी सुनिए ना
अजी सुनिए ना
हाँ जी कहिए ना
गाय दूध देती है
फिर र इसमें
क्या नई बात है
बकरी भी दूध देती है
भैंस भी दूध देती है
उंटनी भी दूध देती है
और तो क्या दूध तो
सभी मादाएँ देती हैं
आपको भी
क्या सूझी
आख़िर क्या बूझी
वाह साब
कुछ और नहीं मिला आपको
अजी सुनिए ना
हाँ जी कहिए ना
गाय हमारी माता है
जनम जनम का नाता है
गाय बहुत सीधी है
यही बस बीथी है
तो फिर
मैं क्या करूँ
वाह साब
मारे जा रहे हैं आप
चित किए जा रहे हैं आप
सुनते ही नहीं
कुछ ढूँढते ही नहीं
इस युग की
इस बृहांड की
सबसे बड़ी उपलब्धि
यदि हम सभी मान लें
और मान कर जान लें
कि हम सभी
एक दूसरे के लिए
विभिन्न परिस्थितियों में
गाय हैं
कुछ और नहीं
कुछ तो शर्म कीजिए
कुछ तो मर्म जानिए
क्या नेताओं जैसी हांकते है
जी फिर बोले आप
जी चुप हैं कहिए आप
तो मैं कह रहा था
रहस्य मैं खोल रहा था
कि हम सब गाय हैं
क्योंकि दूधिये के लिए दूध ही नहीं
सुनार के लिए सोना ही नहीं
वकील के लिए सभी मुवक्किल
गाय हैं
वकील
जब चाहता है
बुला लेता है
किसी एक मुवक्किल रूपी
गाय को
भले ही वो गाय औरौ के लिए
कितनी भी मरखनी हो
या धूर्त हो
या कपटी हो
या आतंकवादी हो
या पाखंडी हो
परंतु वकील के लिए
मुवक्किल
खूंटे से बंध जाता है
वह जहां चाहता है
और दूध देकर
वकील की
बलाएँ लेकर
चला जाता है
फिर उसे आश्वस्त करके
कि
अबकी बार वह आएगा
उसकी कामधेनु बन कर
अजी अब हमारी भी सुनिए
जी आप भी कहिए
अफसर के लिए
फ़ाइल पर अंकित व्यक्ति
है उसकी गाय
वह भी वकील से
कम थोड़े ही है
वह नित नए
तरीक़े खोजते हैं
उसे दुहने के लिए
तरह-तरह के प्रलोभन
तरह तरह के मामले
बना कर
बुलाते हैं
अंकित व्यक्ति को
अजी ये कौन हुआ
ये हुआ व्यापारी
जिसे बुला कर
मनचाहे खूँटे से
बांध कर
दुहुते हैं
फ़र्क़ सिर्फ़ इतना है
कि वो पुचकारते हैं
ये लात मारते हैं
या फिर चाबुक चलाते हैं
ठीक वैसे ही
जैसे कहावत है
चोरी और सीना जोरी
पकड़े गए तो भी
वही गाय काम आती हैं
छुडंवाने के लिए
परंतु इन्हें शर्म आती हो
ऐसी कोई बात नहीं
अबकी बार ज़्यादा दुहुते हैं
सलीक़े से दुहुते हैं
नफ़ासत से दुहुते हैं
मानो गोया कि
जेल जाने के या
पकड़े जाने के
हादसे ने
ट्रेनिंग दे दी हो
और सबसे अधिक
कमजात होते हैं
वो अफ़सर
जिनके पास होता है
सरकारी फंड
या स्टोर रूम
या जनता से सीधा संपर्क
तो ये नई नई
योजनाएँ काग़ज़ों पर बनाते हैं
भुगतान करते हैं
रिश्वत रूपी कमीशन लेते हैं
एश करते हैं
गुर्राते हैं
लेकिन गाय को
कभी नहीं भूलते
अब तो इन्होंने
चाहे भूख हो या न हो
चाहे प्यास हो या न हो
फिर भी रोज़ाना
गाय खूँटे से बांधना
व दुह कर छोड़ देना
जैसा पेशा बनाया हुआ है
एक बार बहस छिड़ गई
पेशेवर औरतों और इनमें
वो कहती हम जिस्म बेचती हैं
अदाएं दिखाती हैं
तब कभी हमारी गाय
दुहने देती हैं
वरना लात मारती हैं
ये कहते हैं
हमें कुछ भी नहीं करना पड़ता
सिर्फ़ नेताओं को
सड़े हुए केले अमरूद
भेजने होते हैं
वे तो मान जाते हैं
बादाम के छिलकों में
हम खाते हैं गिरी
यानी उन्होंने खाया
नारियल का खोपड़
हमने खाई गिरी
तो बताइए कि
हम हुए न अफ़सर
वो बोली
हमें ऐसा तो नहीं
यहाँ वहाँ उठा पटक कर दें कोई
ये बोले हम भी
नेताओं को कहीं का नहीं छोड़ते
पोल खोल देते हैं उनकी
फिर वो माफ़ी माँगते हैं
हम तरस खाते हैं
और हम दोनों हाथ मिला लेते हैं
जनता रूपी गाय को
दुहुते रहने के लिए
जी हम कह रहे थे
गाय दूध देती है
जी पूरा इत्तफ़ाक़ है आपसे
एक बात तो रह ही गई
कि कुछ गाय एसी भी हैं
जो दूध नहीं देती
जी वो कौन सी हैं
वो हैं आतंक की गाय
साम्यवादी गाय या
पूंजीवाद की गाय या
परमाणु भट्ठी की गाय या
अणु अस्त्रों की गाय या
गंदी राजनीति की गाय
कभी दूध नहीं देती
और जो कुछ दिखाई देता है
दूध के नाम पर
वह होता है कोरा ज़हर
केंसर बन जाता है
या असाध्य रोग
जिसमें वह स्वयं को धोखा देने वाला
स्वयं ही खप जाता है
टीसता है वह
और कुछ देर के बाद
सब कुछ खामोश हो जाता है
और रह जाती है
सिर्फ़ दूध देने वाली गाय
Comments
Post a Comment